Tuesday, July 28, 2026
HomeUncategorizedकांकेर जिला अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य सेवाओं का...

कांकेर जिला अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य सेवाओं का किया औचक निरीक्षण

मरीजों और परिजनों से सीधे संवाद कर जाना हालचाल, एमआरआई सेवा का लिया जायजा; मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र में स्वच्छता और मलेरिया रोकथाम पर दिया विशेष जोर

कांकेर, 28 जुलाई। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांकेर जिले के प्रवास के दौरान कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करने के साथ ही मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

संभाग स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री सीधे जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में शुरू की गई एमआरआई सेवा का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतिदिन एमआरआई जांच के लिए आने वाले मरीजों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं तथा सेवा संचालन की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर अस्पताल में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

वार्डों में पहुंचकर मरीजों का जाना हालचाल

स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल के प्रथम तल स्थित आईपीडी वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कांकेर विकासखंड के ग्राम बारदेवरी निवासी कलावती प्रधान, ग्राम लेण्डारा की मलेरिया पीड़ित श्यामबाई यादव तथा प्रवीण तारम से बातचीत कर उनके उपचार की जानकारी प्राप्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्वास्थ्य मंत्री इसके बाद अलबेलापारा स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिशु चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने मलेरिया से पीड़ित कक्षा चौथी के छात्र समीर उईके से भेंट कर उसका हालचाल जाना तथा उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों के उपचार एवं देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी भी ली।

मलेरिया रोकथाम और स्वच्छता पर दिया विशेष जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती शिशुओं की माताओं से भी चर्चा की और उन्हें घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, ताकि मच्छरों के लार्वा न पनपें और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की।

स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, समय पर जांच और उपचार की व्यवस्था तथा मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजीव झा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, मेडिकल कॉलेज कांकेर की डीन डॉ. यास्मीन खान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments