Tuesday, July 28, 2026
HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देगा पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, उत्कृष्ट खेल...

छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देगा पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के 11 खिलाड़ियों और 3 टीमों को मिली प्रोत्साहन राशि; विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर बनेगी नई कार्ययोजना

रायपुर, 28 जुलाई। छत्तीसगढ़ में खेलों के समग्र विकास, खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने तथा आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में राज्य का पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। राजधानी रायपुर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की तथा कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नई शुरुआत है। इसमें देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, विशेषज्ञों और खेल संघों के पदाधिकारियों ने दिनभर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक खेल अधोसंरचना, खेल विज्ञान और दीर्घकालिक खेल नीति पर हुए मंथन से राज्य को भविष्य की प्रभावी खेल रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उत्कृष्ट खेल मिशन के अंतर्गत इस वर्ष के बजट में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि से आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार, प्रशिक्षण केंद्रों का विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को भी मंजूरी दी जा चुकी है, जिन्हें भविष्य में शासकीय सेवाओं में नियमानुसार लाभ प्रदान किया जाएगा।

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिली खेल प्रतिभाओं को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में लगभग चार लाख तथा सरगुजा ओलंपिक में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भागीदारी की। इन आयोजनों ने दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

विशेषज्ञों के सुझावों से तैयार होगी नई खेल कार्ययोजना

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में खेलों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक परिस्थितियां प्राकृतिक रूप से मजबूत और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के निर्माण के लिए अनुकूल हैं। सरकार प्राथमिक स्तर से ही बच्चों की खेल प्रतिभा की पहचान कर उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण देने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में देशभर के विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझाव अत्यंत उपयोगी हैं। इन सुझावों और निष्कर्षों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे खेल प्रतिभाओं के चयन, प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, कोचिंग, खेल अधोसंरचना और प्रतियोगिताओं के आयोजन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के 11 खिलाड़ियों और 3 टीमों को मिली प्रोत्साहन राशि

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में राज्य के लिए पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों तथा 3 टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष 3 अप्रैल को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के समापन समारोह में पदक विजेताओं को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी, जिसे अब पूरा किया गया।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

भारोत्तोलन में निकिता ने स्वर्ण पदक जीता। रिषिका कश्यप ने भारोत्तोलन, अनुष्का भगत ने तैराकी तथा लक्ष्मण सोढ़ी, अभिषेक, डमरू कुमार, गजेन्द्र ठाकुर और तिलक बारसे ने एथलेटिक्स में रजत पदक अर्जित किए। वहीं मनीष कुमार ने एथलेटिक्स, निखिल खलको ने तैराकी और लक्की बाबू ने भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

पदक विजेताओं और टीमों को मिली लाखों की प्रोत्साहन राशि

मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 2 लाख रुपए, रजत पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपए तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपए के प्रोत्साहन चेक प्रदान किए।

टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेता महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपए, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16 लाख 50 हजार रुपए तथा कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ राज्य के अन्य युवाओं को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

देशभर के खेल विशेषज्ञ रहे सहभागी

कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, प्रख्यात शिक्षाविद एवं खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनॉलिस्ट रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन, खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित प्रदेशभर के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, सभी जिलों के खेल अधिकारी तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

खेलों के क्षेत्र में नई पहचान की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से यह स्पष्ट संकेत मिला कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें युवा सशक्तिकरण, रोजगार, स्वास्थ्य और राज्य की नई पहचान से जोड़ते हुए दीर्घकालिक विकास का आधार बना रही है। आधुनिक खेल अधोसंरचना, विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, प्रतिभा संवर्धन और सरकारी प्रोत्साहन के बल पर आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments