
संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट
बालाघाट। जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत 23 जुलाई को नशे के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले के लगभग तीन हजार शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में एक साथ नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी, जिसमें करीब तीन लाख विद्यार्थी भाग लेकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेंगे।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार पुलिस विभाग के नेतृत्व में 15 से 30 जुलाई तक विशेष नशा मुक्ति पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 23 जुलाई को प्रातः 10 से 11 बजे तक जिले के सभी विद्यालयों में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी विद्यालय प्रभारियों को पूर्वाभ्यास कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यक्रम के फोटो, वीडियो एवं प्रतिवेदन संबंधित विभागों के माध्यम से पुलिस विभाग को भेजे जाएंगे, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के तहत जिले के प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक, एक शिक्षिका तथा पांच विद्यार्थियों को “नशा मुक्ति मित्र” नामित किया जाएगा। ये नशा मुक्ति मित्र विद्यालय एवं समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और नागरिकों से इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। प्रशासन का विश्वास है कि जनसहयोग और सामूहिक संकल्प के माध्यम से बालाघाट को नशामुक्त जिला बनाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा।

