

संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट
बालाघाट। मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त पहल पर पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत उकवा स्थित एकलव्य हायर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव रहे। उनके साथ थाना प्रभारी रूपझर कामेश धूमकेती, चौकी प्रभारी उकवा निरीक्षक सुभाष दुबे, उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, विद्यालय के प्राचार्य अनिल सोलंकी तथा सामाजिक कार्यकर्ता जेम्स बारीक एवं नितिन कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य, स्वास्थ्य और सपनों को नष्ट कर देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा हर परिस्थिति में नशे से दूर रहने का आह्वान किया। थाना प्रभारी कामेश धूमकेती ने नशे के सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला, जबकि निरीक्षक सुभाष दुबे ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। उपनिरीक्षक हेमंत कुमार ने साइबर अपराधों एवं युवाओं को निशाना बनाने वाले नशे के नए तरीकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस चौकी उकवा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर सहायक उपनिरीक्षक विनोद ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद बिसेन, प्रधान आरक्षक अनिल उइके, लेखराम उइके, तेजराम उइके, विद्यासागर पटले, आरक्षक टेकवन लिल्हारे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्राचार्य अनिल सोलंकी ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। अंत में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाकर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

