मूकनायक/ दुर्गेन्द सम्राट उप संपादक उत्तर प्रदेश बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। बस्ती जिले की नगर पंचायत भानपुर कोपा के निवासी विवेक कुमार ने प्रवेश परीक्षा NEET उत्तीर्ण कर जिले का गौरव बढ़ाया है विवेक की सफलता संघर्ष मेहनत और आत्मविश्वास की ऐसी प्रेरक कहानी है जो बताती है कि मजबूत इरादों के सामने कठिन से कठिन परिस्थितियां भी हार मान लेती हैं।
विवेक कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद किसान इंटर कॉलेज भानपुर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की डॉक्टर बनने का सपना उन्होंने बचपन से देखा था लेकिन इस सफर में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा उनके पिता स्वर्गीय जयप्रकाश का सपना था कि उनका बेटा एक सफल डॉक्टर बने और समाज की सेवा करे पिता के निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद विवेक ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया।
विवेक ने महंगे कोचिंग संस्थानों या बड़े शहरों का रुख नहीं किए आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने अपने घर पर रहकर ही लगातार पढ़ाई की और पूरी लगन के साथ NEET की तैयारी जारी रखी इस दौरान परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया और उनका मनोबल बढ़ाया कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल कर ली।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विवेक ने अपने दिवंगत पिता, माता, परिवार के सभी सदस्यों, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया उन्होंने कहा मेरे पिता का सपना था कि मैं डॉक्टर बनूं उनके निधन के बाद संघर्ष और बढ़ गया लेकिन परिवार और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने मुझे कभी टूटने नहीं दिया आज जो सफलता मिली है उसमें मेरे परिवार के त्याग और शिक्षकों के आशीर्वाद का सबसे बड़ा योगदान है।
विवेक का मानना है कि सफलता के लिए केवल बड़े शहरों या महंगे शिक्षण संस्थानों की आवश्यकता नहीं होती यदि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन मिले तो गांव में रहकर भी बड़े से बड़ा सपना पूरा किया जा सकता है उन्होंने कहा कि उनका यह सफर उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेते हैं।
विवेक की सफलता की खबर मिलते ही नगर पंचायत भानपुर कोपा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की लोगों का कहना है कि विवेक ने यह साबित कर दिया है कि संघर्ष और मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।
आज विवेक कुमार की सफलता पूरे बस्ती जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है उनका सपना अब एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना और अपने दिवंगत पिता के अधूरे सपने को साकार करना है।

