मूकनायक/दुर्गेन्द्र सम्राट उप संपादक उत्तर प्रदेश बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिले के थाना सोनहा क्षेत्र में एक पत्रकार की CNG कार में आग लगाकर उसे पूरी तरह जलाने का मामला सामने आया है पीड़ित पत्रकार राहुल सिंह ने थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अज्ञात व्यक्तियों पर वाहन में आग लगाने का आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने तथा स्वयं एवं परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार 18/19 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे बस्ती-डुमरियागंज मार्ग स्थित पानी की टंकी के पास खड़ी उनकी CNG कार (UP51 BP 6209) में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया पीड़ित का कहना है कि घटना से पहले वाहन खोलने का भी प्रयास किया गया था और शोर सुनकर बाहर निकलने पर कुछ लोग भागते दिखाई दिए।
पत्रकार राहुल सिंह ने आरोप लगाया है कि हाल ही में जनहित एवं भ्रष्टाचार से जुड़े समाचार प्रकाशित करने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं उन्होंने दावा किया कि कुछ व्यक्तियों ने समाचार न लिखने का दबाव बनाया था तथा परिवार के सदस्यों को भी धमकी भरे फोन किए गए थे इन धमकियों की शिकायत उन्होंने पूर्व में मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों से भी की थी।
प्रार्थना पत्र में उन्होंने आशंका जताई है कि पूर्व में मिली धमकियों और वाहन में आग लगाने की घटना का आपस में संबंध हो सकता है उन्होंने पुलिस से फॉरेंसिक जांच कराने, घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच करने पूर्व शिकायतों की समीक्षा करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन हिस्ट्री एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विधिक जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

