• ग्रीन आर्मी मैन पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत की प्रेरणा से प्रधानाचार्य योगेश कुमार वैष्णव ने 21000 सीड बॉल बनाने का संकल्प लिया।
मूकनायक न्यूज/सिरोही/राजस्थान।
शिवगंज/सिरोही। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वेराजेतपुरा में “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत सीड बॉल निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार वैष्णव ने बताया कि ग्रीन आर्मी मैन एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत के सानिध्य में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सीड बॉल बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।कार्यशाला में ओमप्रकाश कुमावत ने सीड बॉल निर्माण की वैज्ञानिक एवं सरल विधि की जानकारी देते हुए बताया कि मिट्टी, सड़ी हुई गोबर खाद और रेत के उचित अनुपात से सीड बॉल तैयार कर उनमें देशी वृक्षों के बीज डालकर छाया में सुखाया जाता है। वर्षा ऋतु में इन सीड बॉलों को जंगलों, पहाड़ियों एवं बंजर भूमि पर डालने से प्राकृतिक रूप से पौधों का अंकुरण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक सीड बॉल बनाकर पर्यावरण संरक्षण की इस जनभागीदारी मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।प्रधानाचार्य योगेश कुमार वैष्णव ने समस्त विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के सहयोग से पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत की प्रेरणा से 21 हजार सीड बॉल तैयार करने का संकल्प लिया।सेवानिवृत्त वनकर्मी पन्नालाल वेराजेतपुरा ने बच्चों को मिट्टी, खाद और रेत का संतुलित मिश्रण तैयार कर सीड बॉल बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया तथा “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” का नारा लगाकर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर ओमप्रकाश कुमावत ने घोषणा की कि शिवगंज एवं सुमेरपुर उपखंड की जो विद्यालय टीम सबसे अधिक सीड बॉल तैयार कर अभियान में योगदान देगी, उसे “सीड बॉल महावीर” सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में पन्नालाल वेराजेतपुरा, रमेश कुमार भाटी, भंवर सिंह, गोविन्दराम मीणा, हेमाराम, ज्योति सोनी, शमशेर सिंह, महेंद्र कुमार, लक्ष्मीनारायण मेहरा, मधुसूदन दवे, सुन्दर देवी, मीनाक्षी बंसल, श्रवण सिंह राणावत, ललित मीणा, कैलाश बावल, रूपनारायण सहित विद्यालय परिवार एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

