*मूकनायक बालाघाट प्रतिनिधि* दुकान के सेल्मेन की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, स्वजनों ने मैनेजर पर लगाया हत्या का आरोप. कटंगी थाना क्षेत्र के नांदी में संचालित शराब दुकान के सेल्समेन की संदिग्ध स्थिति में हुई मौत अब बड़ी पहेली बनती जा रही है। इस मौत के बाद प्रयागराज उप्र से पहुंचे स्वजनों ने जहां मैनेजर पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है, तो वहीं इस मामले में सांप के डसने से मौत की जानकारी कटंगी अस्पताल तक पहुंचाई गई है। साथ ही पुलिस भी प्रथम दृष्टया एक हष्टपुष्ट व्यक्ति की अचानक हुई मौत पर हर पहलू से जांच करने की बात कह रही है। इसे लेकर शनिवार को शहीद भगत सिंह जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के स्वजनों ने मैनेजर पर हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा मचाया है। *अस्पताल पहुंचा पुलिस बल*
मृतक के स्वजनों ने पहले मैनेजर व उसके साथी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज करने जिसके बाद ही पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कहीं है और इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। जिसके चलते ही अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, नगर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली निरीक्षक समेत बड़ी सुख्या में पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा परिजनों को समझाइस दी है। वहीं उनकी जो भी शिकायत है उसे लिखित में लेकर पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। *फोन कर मैनेजर ने कहा था सही कर दूंगा**
मृतक के छोटे भाई पवन मिश्रा ने बताया उसके बड़ा भाई मूलचंद पिता स्वर्गीय सोमनाथ मिश्रा 52 वर्ष शंकरगढ़ गोबराहेवार प्रयागराज उप्र निवासी बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के नांदी की शराब दुकान में कार्य कर रहा था। विगत नौ माह से वह घर नहीं आया था। उसने बताया कि शुक्रवार की सुबह मैनेजर का उसको फोन आया और वह कह रहा था कि तुम्हारा भाई काम में गड़बड़ी कर रहा है मैं उसकों ठीक कर दूंगा। जिसके बाद साढ़े तीन बजे करीब फोन आया कि तुम्हारे भाई की मौत हो गई है। जिसके बाद हम सभी स्वजन शनिवार को बालाघाट पहुंचे तो हमें बताया गया कि सांप के डसने से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि उसके भाई के साथ मैनेजर समेत अन्य लोगों ने मारपीट कर उसकी हत्या की है। जिसके चलते ही ये लोग पहले मैनेजर के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज करने फिर पोस्टमार्टम कराने की जिद पर अड़े रहे।
इनका कहना…
शराब दुकान के सेल्समेन की मौत होने व उसके परिजनों द्वारा हत्या का आरोप की शिकायत की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देेखते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। कटंगी अस्पताल में सांप काटे जाने की बात कहीं गई थी। यहां हत्या का आरोप लगाया गया है। चिकित्सकों की टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने व अन्य पहलू पर जांच कर तथ्य सामने आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।- *विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक*

