Thursday, July 16, 2026
HomeUncategorizedहरियाणा में मतदाता सूची पुनरीक्षण को मिला अतिरिक्त समय, नई तिथियां जारी

हरियाणा में मतदाता सूची पुनरीक्षण को मिला अतिरिक्त समय, नई तिथियां जारी

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

BLO का घर-घर सत्यापन अभियान 24 जुलाई तक चलेगा, अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को होगी प्रकाशित

भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम को अतिरिक्त समय देते हुए इसकी संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा को भेजे गए पत्र में बताया है कि राज्य सरकार के अनुरोध पर पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियों में संशोधन किया गया है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान अब 24 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था का कार्य भी पूरा किया जाएगा।

नई समय-सारिणी के तहत 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन कराने तथा अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को होगा।

आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम की व्यापक जानकारी आमजन और राजनीतिक दलों तक पहुँचाने के निर्देश दिए हैं। आयोग का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता समय रहते अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन करा सके तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments