मूकनायक/ दुर्गेन्द्र सम्राट उप संपादक/उत्तर प्रदेश
बस्ती। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्ती साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है पुलिस ने निवेश (इन्वेस्टमेंट) और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है आरोपितों के कब्जे से साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, जीएसटी संबंधी दस्तावेज और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया, मैसेजिंग एप और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों से संपर्क स्थापित करते थे इसके बाद वे खुद को निवेश विशेषज्ञ या शेयर बाजार के जानकार के रूप में प्रस्तुत कर कम समय में कई गुना मुनाफा दिलाने का दावा करते थे लोगों का विश्वास जीतने के लिए शुरुआत में मामूली लाभ भी दिखाया जाता था जिससे पीड़ित अधिक धन निवेश करने के लिए प्रेरित हो जाते थे।
जब पीड़ित बड़ी रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कर देते थे तब आरोपी उनसे संपर्क तोड़ देते थे इस तरह गिरोह ने उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के अनेक लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
लगातार मिल रही शिकायतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन का गहन विश्लेषण किया इसके आधार पर आरोपितों की पहचान की गई और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पांच चेकबुक, चार एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, जीएसटी से संबंधित दस्तावेज तथा नगद धनराशि बरामद हुई है पुलिस बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ था और अब तक कितनी रकम की ठगी की जा चुकी है साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं निवेश और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर मिलने वाले आकर्षक ऑफरों से लोगों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है बिना सत्यापन के किसी भी अनजान व्यक्ति, संस्था या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भरोसा कर धनराशि निवेश करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था असामान्य मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए दबाव बनाती है तो उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने में दें।
साइबर थाना बस्ती की इस कार्रवाई को निवेश के नाम पर सक्रिय संगठित साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

