Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedराजस्व कार्यों में लापरवाही पर पटवारी निलंबित, शिकायत सही मिलने पर कलेक्टर...

राजस्व कार्यों में लापरवाही पर पटवारी निलंबित, शिकायत सही मिलने पर कलेक्टर की कार्रवाई

सुशासन तिहार में ग्रामीणों की शिकायत और विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद हुई कार्रवाई

रायपुर, 10 जुलाई। सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने राजस्व कार्यों में लापरवाही तथा आम नागरिकों के कार्यों का समय पर निराकरण नहीं करने के आरोप में सरिया तहसील के पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विभागीय जांच रिपोर्ट में शिकायतों की पुष्टि होने के बाद की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय बरमकेला निर्धारित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 20 मई को ग्राम पुजेरीपाली में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित पटवारी अपने हल्के में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, फोन कॉल का जवाब नहीं देते तथा राजस्व संबंधी कार्यों का समय पर निराकरण नहीं करते। शिकायत के आधार पर कराई गई जांच में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तहसीलदार, सरिया द्वारा विभिन्न विभागीय कार्यों में लापरवाही को लेकर संबंधित पटवारी को दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं आया। विशेष रूप से नक्शा बटांकन सहित अन्य राजस्व कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि राजस्व कार्यों में लापरवाही, आम नागरिकों की शिकायतों की अनदेखी तथा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments