Monday, July 27, 2026
HomeUncategorizedराजस्व कार्यों में लापरवाही पर आठ तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस

राजस्व कार्यों में लापरवाही पर आठ तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस

एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन एवं समय-सीमा के कार्यों में उदासीनता, तीन दिन के भीतर जवाब तलब

रायपुर। राजस्व कार्यों, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन तथा समय-सीमा बैठक में सौंपे गए कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने के मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आठ तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।

कारण बताओ नोटिस प्राप्त करने वाले अधिकारियों में उप तहसील कोसीर के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ के तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव, सहायक तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा के तहसीलदार मोहन साहू, भटगांव की तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला के तहसीलदार पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ के तहसीलदार कमलेश सिदार तथा सरिया की तहसीलदार कोमल साहू शामिल हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन तथा समय-सीमा के कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों से तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments