

रायपुर, 09 जुलाई। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा अवैध उर्वरक के परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर जिले में कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 240 बोरी जैविक खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। मामले में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जुलाई को थाना बसंतपुर पुलिस को बिना वैध दस्तावेजों के उर्वरक परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वाहन क्रमांक सीजी-04 पीयू-5217 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान चालक जैविक खाद के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अभिरक्षा में लेकर कृषि विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक का निरीक्षण किया। जांच में वाहन में 240 बोरी जैविक खाद परिवहन करते हुए पाई गई। नियमानुसार खाद के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह जैविक खाद हरियाली एग्रो, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा निर्मित पाई गई, जिस पर निर्माण माह मई 2026 अंकित है।
कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान ट्रक और उसमें लदे जैविक खाद को जब्त कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। उप संचालक कृषि ने बताया कि पूरे मामले की जांच उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा अन्य प्रचलित नियमों के तहत की जा रही है। परीक्षण रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में उर्वरकों के परिवहन, भंडारण और विक्रय की नियमित निगरानी की जा रही है। विभाग ने कहा कि अवैध उर्वरक कारोबार, बिना अनुमति परिवहन तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

