Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedजशपुर में बिना लाइसेंस खाद बिक्री पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई...

जशपुर में बिना लाइसेंस खाद बिक्री पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई 141 बोरी उर्वरक जब्त, जांच के बाद दर्ज होगी एफआईआर

रायपुर। खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध उर्वरक विक्रय पर रोक लगाने के लिए जशपुर जिले में कृषि विभाग का सघन निरीक्षण अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत विकासखंड बगीचा के ग्राम चम्पा में बिना वैध लाइसेंस और दस्तावेज के भंडारित 141 बोरी उर्वरक जब्त किए गए हैं।

कृषि विभाग के अनुसार संयुक्त निरीक्षण दल ने ग्राम चम्पा में नईम अख्तर के निवास पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 25 बोरी डीएपी, 10 बोरी एसएसपी तथा 106 बोरी यूरिया सहित कुल 141 बोरी उर्वरक बिना वैध बिल अथवा आवश्यक दस्तावेजों के भंडारित पाए गए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि बिना वैध उर्वरक लाइसेंस के खाद का विक्रय किया जा रहा था।

आवश्यक दस्तावेज एवं लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत संपूर्ण उर्वरक जब्त कर सुपुर्दनामा तैयार किया गया तथा उसके विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।

कृषि विभाग ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिले के सभी विकासखंडों में उर्वरक विक्रय केंद्रों एवं भंडारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कालाबाजारी, जमाखोरी, नकली उर्वरकों की बिक्री तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं बीज खरीदें, खरीदारी का बिल अवश्य लें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई की जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments