
रायपुर। वाणिज्य-उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल पर वेदांता बालको प्रबंधन ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निधि से कोरबा नगर के 10 विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 27 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इन कार्यों के माध्यम से विभिन्न वार्डों में सामुदायिक अधोसंरचना, सड़क, नाली तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड 39 पाड़ीमार एवं वार्ड 41 बालको में सामुदायिक भवन निर्माण, वार्ड 18 कोहड़िया में बाउंड्रीवाल एवं विस्तार कार्य, वार्ड 16 पंपहाउस झोपड़ीपारा में सामुदायिक भवन, वार्ड 42 और वार्ड 46 में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, वार्ड 20 में नाली निर्माण, वार्ड 17 ढोढ़ीपारा में सीसी सड़क निर्माण, वार्ड 31 राजेंद्र प्रसाद नगर में सड़क, स्टोर रूम के नवीनीकरण एवं अन्य विस्तार कार्य तथा वार्ड 52 अयोध्यापुरी में सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन का निर्माण शामिल है।
इन सभी विकास कार्यों पर कुल 2.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य शासन की योजनाओं के साथ-साथ जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) एवं सीएसआर निधि के माध्यम से भी कोरबा में लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है। इससे विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर अधोसंरचना का लाभ मिलेगा।

