Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedबिलासपुर पुलिस को मिले 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल, अब घटना स्थल से...

बिलासपुर पुलिस को मिले 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल, अब घटना स्थल से सीधे अपलोड होंगे डिजिटल साक्ष्य

बिलासपुर। नए आपराधिक कानूनों के तहत डिजिटल साक्ष्य संकलन प्रणाली को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस को 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विवेचकों को ये उपकरण वितरित किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नए कानूनों के लागू होने के बाद डिजिटल साक्ष्य संकलन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले के थानों एवं साइबर सेल को एमडीटी डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। बिलासपुर जिले के लिए कुल 208 डिवाइस प्रदान किए गए हैं।

इन उपकरणों की मदद से विवेचक अब घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सीधे सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे उन्हें निजी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना पड़ेगा और मेमोरी फुल होने या डेटा प्रभावित होने जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था से साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और त्वरित होगी। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता में सुधार आएगा, प्रकरणों का शीघ्र निराकरण होगा और समय पर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने में सुविधा मिलेगी, जिससे अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments