मूकनायक/ रिपोर्टर इंद्रसेन गौतम सिद्धार्थ नगर/उत्तर प्रदेश
देश के प्रतिष्ठित टीवी चैनल ABP News के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में ABP News के सिद्धार्थनगर ज़िला संवाददाता चंदन कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में चंदन कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति ABP News टीवी चैनल के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी संचालित कर भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा कर रहा है।
इससे न केवल ABP News की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है बल्कि आम जनता के बीच भी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने कहा कि ABP News टीवी चैनल देश का एक प्रतिष्ठित टीवी चैनल है जिसके लगभग 31 मिलियन (3.1 करोड़) से अधिक सब्सक्राइबर हैं।
ऐसे में उसके नाम का दुरुपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट चलाना गंभीर मामला है।
इससे चैनल की साख को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ लोगों को गुमराह किए जाने की आशंका भी है।
ज़िला संवाददाता चंदन कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फर्जी फेसबुक आईडी संचालित करने वाले
अज्ञात व्यक्ति की साइबर जांच कर उसकी पहचान की जाए तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान के नाम का दुरुपयोग न कर सके।
प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को अग्रिम जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोहरतगढ़ तथा साइबर सेल को अग्रेषित कर दिया है। अब मामले की जांच सीओ शोहरतगढ़ और साइबर सेल के स्तर से की जाएगी।
जांच में यदि फर्जी फेसबुक आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान होती है, तो उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी कर जेल भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी।

