Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedनशा मुक्त भारत अभियान के तहत रायगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम में दिलाई...

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रायगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम में दिलाई नशामुक्ति की शपथ

रायगढ़,। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रायगढ़ शहर के बापू नगर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिनके माध्यम से नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक हानियों का प्रभावी संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पांडे, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी एल.आर. कच्छप, जिला आयुष अधिकारी डॉ. एस. गौराहा, रायगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी पटेल, नगर निगम के प्रतिनिधि अनिल बाजपेई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के प्रतिनिधि डॉ. विवेक उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए समाज के सभी वर्गों से नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पांडे ने विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित नागरिकों, महिलाओं और युवाओं को किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments