
रायपुर। जशपुर जिले में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान 31 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा। इसके तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला चिकित्सालय में पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि अभियान के तहत ऐसी किशोरियां पात्र हैं, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर एचपीवी टीकाकरण कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
सीएमएचओ डॉ. जात्रा ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को किया गया था। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के साथ-साथ ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले अन्य कैंसर एवं जननांग मस्सों से भी सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित और प्रभावी टीका है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण अभियान के साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।

