
रायपुर। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 46,500 मीट्रिक टन अतिरिक्त डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) आवंटित किया है। इस निर्णय से प्रदेश में खरीफ फसलों की बुआई के दौरान खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अतिरिक्त आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से लिया गया यह निर्णय प्रदेश के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा और उन्हें समय पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने खरीफ सीजन की जरूरतों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के लिए अतिरिक्त डीएपी उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए राज्य को अतिरिक्त डीएपी का आवंटन स्वीकृत किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूरिया की उपलब्धता पहले से ही पर्याप्त है तथा अब अतिरिक्त डीएपी मिलने से खरीफ सीजन के लिए खाद की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है। इससे किसानों को उर्वरकों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा और कृषि कार्य निर्बाध रूप से संचालित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएपी, यूरिया सहित सभी आवश्यक कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कृषि क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होती रहेंगी।

