Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedबेलतरा के मंगला में विकास कार्यों की सौगात, लगभग 10 करोड़ रुपये...

बेलतरा के मंगला में विकास कार्यों की सौगात, लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला स्थित माता चौरा परिसर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास को मिशन के रूप में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों को गति मिली है और अब केवल भूमिपूजन ही नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों का लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, पेयजल एवं शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिनका लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने मंगला स्थित मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा मंगला के लिए पृथक जल आवर्धन योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अब तक एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, नाली, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी कार्य जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, प्रणव शर्मा समदरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से मंगला एवं आसपास के क्षेत्रों में नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments