


बम्हनीडीह। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षक सदन बम्हनीडीह में मंगलवार को संविलियन दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे और वर्ष 2018 में हुए संविलियन आंदोलन के संघर्षपूर्ण दिनों को याद करते हुए संगठन की एकजुटता एवं उपलब्धियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लंबे संघर्ष और ऐतिहासिक आंदोलन के बाद 1 जुलाई 2018 को शिक्षा कर्मियों का संविलियन हुआ था। यह दिन शिक्षकों के संघर्ष, एकता और सफलता का प्रतीक है। उन्होंने संगठन की मजबूती बनाए रखने तथा शिक्षकों के हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर बम्हनीडीह ब्लॉक अध्यक्ष उमेश तेम्बुलकर द्वारा उपस्थित शिक्षक साथियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों ने एक-दूसरे को संविलियन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पुराने संघर्षों की स्मृतियों को साझा किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी, जिला महासचिव गोपाल जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश तेम्बुलकर, ब्लॉक सचिव रामकृपाल डड़सेना, मीडिया एवं आईटी सेल प्रभारी शिव पटेल तथा ब्लॉक पदाधिकारी रवि शंकर कुंभकार, सनत सिदार, पीताम्बर साहू, रामलाल निराला और गोपाल सूर्यवंशी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

