
बिलासपुर/कोटा। चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, एक बोरी की फट्टी तथा 16,550 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 जून को कोटा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घोंघाडीह नाला के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा रजक (32) निवासी पुरानी बस्ती कोटा, सूरज कश्यप (27) निवासी कपसिया कला, आदित्य बंजारे (19) निवासी कपसिया कला, नितेश साहू (26) निवासी फिरंगीपारा कोटा, सोमनाथ शर्मा (32) निवासी पुरानी बस्ती कोटा तथा कमलेश केंवट (35) निवासी ग्राम नेवरा थाना कोटा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, एक बोरी की फट्टी तथा 16,550 रुपये नकद जब्त किए। मामले में अपराध क्रमांक 523/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रभारी उप निरीक्षक जय नागरे, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षक दीप सिंह कंवर तथा एसीसीयू टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

