Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedकोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, बालाघाट और कटंगी में सुरक्षा व्यवस्थाओं...

कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती, बालाघाट और कटंगी में सुरक्षा व्यवस्थाओं का हुआ गहन निरीक्षण

मूकनायक/सत्यशील गोंडाने

कटंगी/बालाघाट। जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर बालाघाट एवं कटंगी क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बालाघाट तहसील में तहसीलदार मंजुला महोबिया ने भोपाल एकेडमी, लक्ष्य एकेडमी तथा संकल्प ऑक्सीजन कोचिंग संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, भवन की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रहें और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए संस्थान पूरी तरह तैयार रहें।

वहीं कटंगी में अनुविभागीय अधिकारी के.सी. ठाकुर के निर्देश पर तहसीलदार मान. शांडिल्य एवं बीआरसी मान. कुशराम ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, भवन की संरचनात्मक मजबूती तथा विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक संस्थान में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध हों, आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रहें तथा दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें। संचालकों को सुरक्षा उपकरणों के नियमित रखरखाव और समय-समय पर उनकी जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में कोचिंग संस्थानों में हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण लगातार जारी रखे जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा हर स्तर पर सुनिश्चित की जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments