Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedमुख्यमंत्री की सख्ती का असर : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनन पर बड़ी...

मुख्यमंत्री की सख्ती का असर : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर। प्रदेश में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त तीन जेसीबी मशीनों तथा तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार देवराजपारा-सधवानी एवं बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम और मिट्टी के अवैध उत्खनन तथा सिलपहरी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। अभियान के दौरान देवराजपारा-सधवानी से दो जेसीबी, बंधी-बचरवार से एक जेसीबी तथा सिलपहरी से अवैध रेत परिवहन में लगे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। सभी वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित रखा गया है।

बताया गया कि सधवानी के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1076 और कलेक्टर के समक्ष अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए खनिज विभाग को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी, सतत निरीक्षण तथा शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो सके और शासन को राजस्व की हानि न पहुंचे।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए सभी वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड एवं अन्य देय राशि जमा कराने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा।

इस कार्रवाई में जिला खनिज उड़नदस्ता दल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments