Tuesday, September 29, 2026
Homeमहाराष्ट्रराजर्षि शाहू महाराज समाजभूषण पुरस्कार के लिए प्रवीण बागड़े का चयन

राजर्षि शाहू महाराज समाजभूषण पुरस्कार के लिए प्रवीण बागड़े का चयन

मूकनायक/राष्ट्रीय प्रभारी ओमप्रकाश वर्मा

नागपुर/ महाराष्ट्र

नागपुर, 23 जून : पत्रकारिता, सामाजिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार तथा वंचित, शोषित और बहुजन समाज के न्याय एवं अधिकारों के लिए निरंतर किए गए उल्लेखनीय कार्यों को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं सामाजिक विश्लेषक प्रवीण मोरेश्वर बागड़े (नागपुर) का चयन “राजर्षि शाहू महाराज समाजभूषण पुरस्कार-2026” के लिए किया गया है। आंबेडकरी विचारधारा को समर्पित दैनिक निळे प्रतिक के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार सामाजिक, शैक्षणिक, जनजागरण, पत्रकारिता एवं सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।
यह पुरस्कार शुक्रवार, 26 जून 2026 को मौलाना अबुल कलाम आजाद रिसर्च सेंटर, टी.वी. सेंटर, छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा। दैनिक निळे प्रतिक के प्रधान संपादक तथा निळे प्रतिक बहुउद्देशीय सेवाभावी संस्था के अध्यक्ष आयु. रतनकुमार सालवे ने इस चयन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता, सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण तथा बहुजन समाज के मुद्दों को लगातार मुखर रूप से उठाने के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए प्रवीण बागड़े का चयन इस पुरस्कार हेतु किया गया है।
प्रवीण बागड़े ने विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक मुद्दों पर निर्भीक लेखन के माध्यम से समाज जागरण का कार्य निरंतर किया है। उनके चयन पर सामाजिक, साहित्यिक, पत्रकारिता तथा आंबेडकरी आंदोलन से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। राजर्षि शाहू महाराज समाजभूषण पुरस्कार के लिए चयनित होने पर प्रवीण बागड़े को विभिन्न स्तरों से शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ प्राप्त हो रही हैं।


- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments