Tuesday, September 29, 2026
Homeराजस्थानजिला कलक्टर ने टोडाभीम नगरपालिका में शहरी शिविर का किया निरीक्षण

जिला कलक्टर ने टोडाभीम नगरपालिका में शहरी शिविर का किया निरीक्षण

करीरी व कटारा अजीज ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविरों का जमीनी स्तर पर लिया जायजा

मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।

करौली, 15 जून । जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने सोमवार को टोडाभीम क्षेत्र का दौरा कर टोडाभीम नगरपालिका में शहरी शिविर का निरीक्षण किया। वहीं करीरी एवं कटारा अजीज ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविरों का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को मौके पर ही आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे जारी करने केे आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर वहां मौजूद अधिकारियों से सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित लाभार्थियों व ग्रामीणों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई व कचरा निस्तारण की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की मंशानुसार इन शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, इसलिए उपखण्ड क्षेत्र में इन शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करवाया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सूचना के अभाव में वंचित न रहे। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे जागरूक होकर इन शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और एक ही छत के नीचे मिल रही प्रशासनिक सेवाओं व जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। इस अवसर पर टोडाभीम उपखण्ड अधिकारी अमन चौधरी, विकास अधिकारी सुरेश बागोरिया, तहसीलदार दिनेश मीना सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments