
बालाघाट। जिले के अतिथि शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण को लेकर जनजाति कार्य विभाग एवं कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष राजकुमार यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अतिथि शिक्षकों को स्कूल शिक्षा विभाग के समान बोनस अंक प्रदान करने सहित अन्य सेवा संबंधी लाभों की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि अतिथि शिक्षकों के लिए भी स्कूल शिक्षा विभाग की तर्ज पर एक वर्ष की सेवा पर 4 बोनस अंक तथा अधिकतम 20 अंक स्कोर कार्ड में जोड़े जाएं। इसके अलावा अन्य लंबित मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे अतिथि शिक्षकों को न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मनोज यादव (ब्लॉक अध्यक्ष), पवन कुमार बघेल, पारस बोरकर, अनिल यादव, नरेश बघेल, जितेंद्र बघेल, उमेश यादव, मनोज मनेश्वर, वल्लवी चौहान, प्रभावती मर्म, दिनेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।
अतिथि शिक्षकों ने प्रशासन से उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। वहीं म.प्र. शिक्षक संघ बिरसा के सदस्य हेमेंद्र नेवारे एवं एस.आर. उके ने भी अतिथि शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए शासन एवं प्रशासन से त्वरित निराकरण की अपेक्षा व्यक्त की है।

