Wednesday, June 10, 2026
HomeUncategorizedभानपुर की अस्मिता पर हमला! “हमारा भानपुर” बैनर क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों...

भानपुर की अस्मिता पर हमला! “हमारा भानपुर” बैनर क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में उबाल, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

भानपुर/रामपायली (बालाघाट)। ग्राम पंचायत भानपुर के सामने स्थित गार्डन में पंचायत निधि से लगाए गए “हमारा भानपुर” बैनर को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे गांव की अस्मिता, सम्मान और गौरव पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पंचायत निधि से स्थापित यह बैनर गांव की पहचान, विकास एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से लगाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक बैनर नहीं, बल्कि भानपुर की एकता, संस्कृति और विकास यात्रा का प्रतीक था। ऐसे में उसे फाड़ना पूरे गांव के सम्मान को ठेस पहुंचाने के समान है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल रामपायली थाना पहुंचा, जहां थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

शिकायत में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्ती नहीं बरती गई तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ेंगे और सार्वजनिक संपत्तियां असुरक्षित हो जाएंगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना स्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा दोषियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की भी अपेक्षा जताई है।

गांव के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि भानपुर के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं और वे दोषियों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं।

— सत्यशील गोंडाने बालाघाट (मूकनायक समाचार)

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments