Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedविश्व पर्यावरण दिवस पर हट्टा में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया...

विश्व पर्यावरण दिवस पर हट्टा में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने (बालाघाट)

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत केंद्र (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) बालाघाट के तत्वावधान में हट्टा स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सामुदायिक भवन परिसर में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी प्रांजल अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा पर्यावरण संरक्षण महिला मंडल हट्टा के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जामुन, नींबू, अमरूद एवं अशोक सहित विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर जनपद सदस्य रंजना वैध ने सभी नागरिकों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और तापमान वृद्धि जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना होगा तथा जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने तालाबों, नदियों एवं हैंडपंपों की नियमित साफ-सफाई तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण समिति की सचिव शीला पटेल ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को अपनाने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर जोर दिया। इस अवसर पर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शित कर जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही बच्चों को कपड़े के थैले वितरित किए गए, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की दिशा में सकारात्मक पहल हो सके।

कार्यक्रम में गजेंद्र डोंगरे, निर्मला गजभिये, वासनिक दीदी सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने के लिए जनजागरण अभियान चलाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments