Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedजिले के सभी विद्यालयों में 1 से 30 जून तक मनाया जाएगा...

जिले के सभी विद्यालयों में 1 से 30 जून तक मनाया जाएगा मेगा APAAR दिवस

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार बालाघाट जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 1 जून से 30 जून 2026 तक “मेगा APAAR दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान का आयोजन प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों की APAAR आईडी तैयार कर उन्हें डिजिटल शैक्षणिक पहचान से जोड़ना है।

जिला परियोजना समन्वयक जी.पी. बर्मन ने बताया कि अभियान के दौरान उन विद्यार्थियों के अभिभावकों को विद्यालयों में आमंत्रित किया जाएगा, जिनकी APAAR आईडी अभी तक नहीं बनी है। कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से दो श्रेणियों के विद्यार्थियों पर फोकस किया जाएगा—पहले वे विद्यार्थी जिनके पास आधार कार्ड उपलब्ध है, लेकिन उनकी APAAR आईडी नहीं बनी है तथा दूसरे वे विद्यार्थी जिनके पास आधार कार्ड भी उपलब्ध नहीं है।

अभियान के सफल संचालन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों, संकुल प्राचार्यों, जनशिक्षकों तथा शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधान पाठक एवं प्रभारी प्रधान पाठकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर अभिभावकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों के पंजीयन एवं APAAR आईडी निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।

जिला शिक्षा केन्द्र ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि अभियान को गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए, ताकि अधिकतम विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। अधिकारियों के अनुसार APAAR आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं अभिलेखों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे छात्र राष्ट्रीय स्तर की डिजिटल शिक्षा प्रणाली से जुड़ सकेंगे।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल शैक्षणिक पहचान उपलब्ध कराई जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments