मूकनायक न्यूज/ नई दिल्ली।
नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े परीक्षा बोर्ड, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में बड़े प्रशासनिक संकट के बीच केंद्र सरकार ने बेहद सख्त कदम उठाया है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह (IAS) और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। यह कार्रवाई बोर्ड की नई ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली पर खड़े हुए देशव्यापी विवाद और छात्रों के भारी आक्रोश के बाद की गई है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस पूरे मामले की कमान अब एक विशेष जांच समिति को सौंपी गई है। क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान को इस एक-सदस्यीय समिति का प्रमुख बनाया गया है। यह समिति ऑन-स्क्रीन मार्किंग सेवाओं की खरीद और टेंडर प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा करेगी। समिति को साइबर सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच कर एक महीने के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।सीबीएसई ने इस वर्ष 12वीं कक्षा की लगभग 98 लाख उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन के लिए ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ प्रणाली लागू की थी। परिणाम घोषित होने के बाद देश भर से छात्रों और अभिभावकों ने मूल्यांकन में गंभीर तकनीकी खामियों, कॉपियों की गलत जांच और स्टेप-वाइज मार्किंग न मिलने की शिकायतें दर्ज कराई थीं।पोर्टल क्रैश होने से बढ़ा जनता का गुस्साअंकों से असंतुष्ट छात्रों के लिए जब पुनर्मूल्यांकन और वेरिफिकेशन पोर्टल खोला गया, तो तकनीकी खराबी के कारण वह भी ठप हो गया। पेमेंट फेल होने और पोर्टल एक्सेस न होने के कारण अभिभावकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इस बढ़ते सार्वजनिक आक्रोश और गड़बड़ी की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय और केंद्र सरकार ने यह निर्णायक कदम उठाया है।

