मूकनायक न्यूज/बीकानेर/राजस्थान।
अनूपगढ। राजस्थान के सीमावर्ती जिले अनूपगढ़ के एक छोटे से गांव 12AB के रहने वाले युवा खिलाड़ी बसंत कुमार मेघवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। हांगकांग में आयोजित ’22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026′ में बसंत ने पुरुषों की हाई जंप (ऊंची कूद) स्पर्धा में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश को स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) दिलाया है।बसंत ने प्रतियोगिता में सभी प्रतिद्वंद्वी देशों के एथलीटों को पछाड़ते हुए 2.20 मीटर की शानदार छलांग लगाई और पहला स्थान हासिल किया। जैसे ही पदक तालिका में भारत का नाम सबसे ऊपर आया, पूरा स्टेडियम ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।बसंत मेघवाल की इस स्वर्णिम सफलता की खबर मिलते ही उनके गृह जिले अनूपगढ़ और पूरे राजस्थान में जश्न का माहौल बन गया। बीकानेर सांसद और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सीधे हांगकांग में बसंत से फोन पर बात की। उन्होंने बसंत को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस ग्रामीण प्रतिभा ने देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।वहीं, अनूपगढ़ के उपखंड अधिकारी (SDM) सुरेश राव ने भी खिलाड़ी और उनके परिवार को शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने इस मौके पर क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बसंत की यह जीत युवाओं को ‘नशा छोड़ो, खेलों की ओर लौटो’ के संकल्प को मजबूत करने की प्रेरणा देगी।बसंत मेघवाल ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और अपने कोच इकबाल सिंह मान के कड़े मार्गदर्शन को दिया है। कोच इकबाल सिंह ने बताया कि बसंत पिछले काफी समय से इस चैंपियनशिप के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे थे और उनकी तकनीक व एकाग्रता ने ही उन्हें आज एशिया का चैंपियन बनाया है। गांव में बसंत के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग मिठाइयां बांटकर इस खुशी को मना रहे हैं।

