
मूकनायक समाचार/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट। शहर में एक प्रेम विवाह को लेकर रविवार को सीएसपी कार्यालय परिसर में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। युवक और युवती को पुलिस द्वारा विशाखापट्टनम से बालाघाट लाए जाने के बाद दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए, जिससे कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की एवं मारपीट की घटना सामने आई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक तनिष्क एवं युवती दिव्यज्योति के बीच लंबे समय से परिचय एवं प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार की असहमति के बावजूद विवाह कर लिया था तथा बाद में घर छोड़कर चले गए थे। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और दोनों को विशाखापट्टनम से बालाघाट लेकर आई।
रविवार को दोनों को सीएसपी कार्यालय में प्रस्तुत किए जाने के दौरान दोनों परिवारों के सदस्य भी वहां पहुंचे। प्रारंभिक बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की एवं मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के दौरान कुछ लोगों को चोटें आने की जानकारी मिली है।

युवक पक्ष का आरोप है कि उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई तथा उन्हें धमकियां दी गईं। वहीं युवती के परिजनों ने इन आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि वे केवल अपनी पुत्री से चर्चा करने पहुंचे थे और विवाद के दौरान उन्हें भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत सौंपी है। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इस बीच युवती का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह स्वयं की इच्छा से विवाह करने तथा सुरक्षित होने की बात कहती दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की परिस्थितियों एवं अन्य तथ्यों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को समझाइश देने का प्रयास भी किया जा रहा है।
प्रेम विवाह से जुड़ा यह मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

