








टेमनी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 357 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण का खुलासा
मूकनायक समाचार/सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट। जिले की लांजी तहसील के ग्राम टेमनी में प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त छापामार कार्रवाई के दौरान अवैध रेत भंडारण का बड़ा मामला उजागर हुआ है। कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत टेमनी के सरपंच के घर धान के पैरा (पुआल) के नीचे छिपाकर रखी गई 30 ट्रॉली रेत बरामद की गई, जिसे प्रशासन ने तत्काल जब्त कर लिया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लांजी के नेतृत्व में तहसील प्रशासन, जिला खनिज अमला, थाना लांजी पुलिस एवं पुलिस लाइन बालाघाट के बल ने अवैध खनन, परिवहन और रेत भंडारण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान ग्राम टेमनी में शासकीय एवं निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार ग्राम टेमनी में कुल 357 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण चिन्हित किया गया। जांच के दौरान कई स्थानों पर रेत का भंडारण बिना वैध अनुमति एवं रॉयल्टी दस्तावेजों के पाया गया। सबसे चर्चित मामला ग्राम सरपंच के घर का रहा, जहां धान के पैरा के नीचे रेत छिपाकर रखी गई थी। मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर 30 ट्रॉली रेत जब्त कर ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दी गई।
उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से बड़ी मात्रा में रेत जब्त की गई। इनमें अलग-अलग व्यक्तियों के परिसरों एवं भूमि पर अवैध रूप से संग्रहित रेत के भंडार पाए गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अनुसार जब्त की गई समस्त रेत पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं रेत भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

