Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedयोजनाओं की जमीनी हकीकत जानने ग्राम शिवतराई पहुंचे प्रमुख सचिव

योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने ग्राम शिवतराई पहुंचे प्रमुख सचिव

पीएम जनमन आवास हितग्राही से मिलकर योजनाओं के लाभ की ली जानकारी

प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवतराई पहुंचकर पीएम जनमन योजना के तहत संचालित गतिविधियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीवीटीजी परिवारों से संवाद कर शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और लाभ की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

प्रमुख सचिव ने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही रामसिंह बैगा से मुलाकात कर उन्हें मिल रही शासकीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ पर विस्तार से चर्चा करते हुए हितग्राही से सीधे फीडबैक लिया।

इस दौरान रामसिंह बैगा ने स्वयं सर्वे सेतु पीवीटीजी परिवार सर्वे कार्यक्रम का बटन दबाकर प्रक्रिया में सहभागिता निभाई। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें जरूरी दस्तावेजों एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।

रामसिंह बैगा ने पीएम जनमन योजना के तहत पक्का आवास मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कच्चे मकान और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पक्का आवास मिलने से परिवार को सुरक्षित और बेहतर जीवन मिला है।

प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीवीटीजी परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सतत अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने प्रमुख सचिव को पीएम जनमन योजना, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी दी। इस अवसर पर डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments