Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedलावणी में भीषण अग्निकांड, तीन मकान जलकर राख

लावणी में भीषण अग्निकांड, तीन मकान जलकर राख

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गरीब किसानों का लाखों का नुकसान

मूकनायक समाचार/सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

खैरलांजी। खैरलांजी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत लावणी में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने से तीन परिवारों के मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग की इस घटना में घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज, नकदी एवं घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम लावणी निवासी मोहनलाल ठाकरे, धुन्द लाल ठाकरे एवं उमेद बघेले के मकानों में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। तेज गर्मी और हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के समय परिवार के सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों मकान पूरी तरह जल चुके थे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो आग अन्य मकानों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

अग्निकांड में प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घरों में रखा धान, गेहूं, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, नकदी एवं आवश्यक दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता, खाद्यान्न एवं रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित परिवार गरीब किसान हैं और उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से गांव की बिजली व्यवस्था की जांच कर पुराने तारों एवं खराब व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments