Tuesday, September 29, 2026
Homeराजस्थानजिला कलेक्टर अक्षय गोदारा का नगर परिषद करौली निरीक्षण। पट्टा आवेदकों से...

जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा का नगर परिषद करौली निरीक्षण। पट्टा आवेदकों से किया सीधा संवादसंबंधित कार्मिक को तत्काल पट्टा व नामांतरण संबंधित शाखा से हटाकर अन्यत्र शाखा में लगाने के निर्देश

मूकनायक/नरेश/जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।

लापरवाही पर नगर परिषद कार्मिक पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ।

करौली। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने मंगलवार को नगर परिषद करौली का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पट्टा जारी करने, भवन स्वीकृति, भवन अनुज्ञा तथा अन्य प्रशासनिक पत्रावलियों के निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने 5 से 7 पट्टा आवेदकों से भी सीधे संवाद कर पट्टा जारी नहीं होने की स्थिति की जानकारी ली। आवेदकों द्वारा अनावश्यक देरी एवं समय पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत सामने आने पर जिला कलेक्टर ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पट्टा प्रकरणों में अनावश्यक देरी, नामांतरण नहीं खोलने व अनावश्यक ऑब्जेक्शन लगाने , पत्रावलियों को बिना कारण लंबित रखने तथा संबंधित पट्टाधारकों को समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं सामने आने पर जिला कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले संबंधित कार्मिको के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित कार्मिक को तत्काल पट्टा व नामांतरण संबंधित शाखा से हटाकर अन्यत्र शाखा में लगाने के निर्देश नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीणा को दिए गए।

जिला कलेक्टर ने नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने एवं अधिकाधिक सेवाओं को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नागरिकों को समयबद्ध एवं सुगम नगरीय सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments