


किसान गर्जना के जिलाध्यक्ष रामकुमार नागपुरे की बैलजोड़़ी बनी प्रथम विजेता, रेगाझरी में उमड़ा ग्रामीण खेल प्रेमियों का जनसैलाब
मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने / वारासिवनी
वारासिवनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेगाझरी (रामपायली) में आयोजित “जय भूरसिंग बाबा बैलजोड़़ी पट प्रतियोगिता” उत्साह, रोमांच और ग्रामीण संस्कृति की भव्य छटा के बीच संपन्न हुई। पहली बार आयोजित इस पारंपरिक प्रतियोगिता में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में बैलजोड़़ी मालिकों, किसानों और ग्रामीण खेल प्रेमियों ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर हजारों दर्शकों की उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 9 एवं 10 मई 2026 को किया गया, जिसमें क्षेत्र की चुनिंदा बैलजोड़ियों ने अपनी ताकत, रफ्तार और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में किसान गर्जना संगठन के जिलाध्यक्ष रामकुमार नागपुरे की बैलजोड़़ी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी जीत पर ग्रामीणों एवं समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खुशी मनाई।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य भूरसिंग देव बाबा के आशीर्वाद के साथ ग्रामीण परंपराओं और पारंपरिक खेलों को जीवित रखना था। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रवेश शुल्क 1800 रुपये तथा द्वितीय चरण में 2000 रुपये निर्धारित किया गया था। मैदान की दूरी लगभग 1100 फीट रखी गई थी तथा समय का निर्धारण घड़ी के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रदीप जायसवाल एवं विशेष अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किशोर अमले रहे। ग्राम पंचायत रेगाझरी की सरपंच ईश्वरी बघेले एवं उपसरपंच मनु प्रमोद सहारे ने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि प्रदीप जायसवाल ने कहा कि बैलजोड़़ी पट प्रतियोगिता ग्रामीण संस्कृति, किसानों की मेहनत और पशुपालन परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं किशोर अमले ने ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
प्रतियोगिता में विजेता बैलजोड़़ी को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी सहित नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 25 हजार रुपये, तृतीय को 18 हजार, चतुर्थ को 14 हजार एवं पंचम स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य विजेताओं को भी आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए।
आयोजन समिति में अध्यक्ष राजेश बघेले, उपाध्यक्ष टोपसिंह राहंगडाले, कोषाध्यक्ष जितेंद्र पटले एवं युवराज शरणागत तथा सचिव बसंत पटले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को सफल बनाने में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों ने सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। ग्रामीणों ने देर रात तक प्रतियोगिता का आनंद लिया और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता की सफलता के बाद आयोजन समिति ने आगामी वर्षों में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने की घोषणा की है।

