Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedविकास की रफ्तार तेज: विधायक गौरव सिंह पारधी ने हथोड़ा में 415...

विकास की रफ्तार तेज: विधायक गौरव सिंह पारधी ने हथोड़ा में 415 लाख की सड़क का किया भूमिपूजन

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने / बालाघाट

कटंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हथोड़ा में विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया, जहां लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत परसवाड़ा–सांवरगाँव–हथोड़ा मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य अतिथि विधायक गौरव सिंह पारधी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की लंबाई 5.30 किलोमीटर है, जिस पर लगभग 415 लाख रुपये की लागत आएगी।

भूमिपूजन समारोह को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए और वर्षों से लंबित इस सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर खुशी जाहिर की। पूजा-अर्चना के साथ कार्य का शुभारंभ किया गया।

विधायक गौरव सिंह पारधी ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। उन्होंने सड़क को विकास की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि इस मार्ग के निर्माण से हथोड़ा सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, छात्रों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंच आसान होगी और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यह सड़क केवल आवागमन को सुगम नहीं बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कविता अरविंद देशमुख, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका परते, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शंकरलाल तांडेंकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष अविनाश देशमुख सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद सदस्य मनोज बोपचे, सदस्य आलोक पाटिल, ग्राम पंचायत हथोड़ा के सरपंच निलचंद गौतम, सचिव अजित बोरकर, पूर्व सरपंच गीता श्रीराम भैरम, तिरंगा आशाराम गौतम, अतुल मसराम, वैशजंता प्रमोद धुर्वे सहित पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के समय इस मार्ग की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती थी, जिससे आवागमन बाधित होता था। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती थी और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क निर्माण से इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा। सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।

कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ आयोजन का समापन हुआ। ग्रामवासियों ने इस सौगात के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क उनके गांव के विकास को नई दिशा देगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments