Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedअवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 13 आरोपी गिरफ्तार

अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 13 आरोपी गिरफ्तार

मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

बालाघाट, 29 अप्रैल 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लांजी पुलिस और पुलिस चौकी सलुसुली ने ग्राम पौसेरा स्थित सोन नदी घाट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से अवैध रेत से भरी 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं।

पुलिस को लंबे समय से सोन नदी घाट पर अवैध रेत खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापामार कार्रवाई की गई। 28 अप्रैल को पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में आरोपियों के पास रेत उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची नहीं मिली। पुलिस ने मौके से फावड़े, तसले सहित अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे उपकरण भी जब्त किए।

जब्त किए गए वाहनों में महिंद्रा 575 DI SP Plus, सोनालिका DI-42 RX और महिंद्रा YUVO TECH 405 DI ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में युगल उर्फ राजा सातपुते, दीपक धुर्वे, अजय मरकाम, दिलीप मरकाम, राकेश आमाडारे, कमलेश चापड़े, नितिन चापड़े, देवेंद्र मरकाम, दीपक आमाडारे, राधे पंडे, नितेश पालेवार, राजेश सोनवाने और रवि मडावी शामिल हैं।

सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने कहा कि अवैध रेत उत्खनन से प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है, इसलिए इस पर सख्ती से रोक लगाना आवश्यक है।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अवैध खनन के विरुद्ध प्रभावी कदम बताया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्त निगरानी का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments