Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedविपरीत परिस्थितियों में चमकी अक्षरा की प्रतिभा — समाजसेवी ने भेंट किया...

विपरीत परिस्थितियों में चमकी अक्षरा की प्रतिभा — समाजसेवी ने भेंट किया लैपटॉप, शिक्षा को मिला नया संबल

जन्मदिन को बनाया सामाजिक प्रेरणा का अवसर, हर माह आर्थिक सहयोग की भी घोषणा

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने

कटंगी। कटंगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टूइयापार से एक ऐसी प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जो यह साबित करती है कि संघर्ष और संकल्प के आगे हर बाधा छोटी पड़ जाती है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छतेरा की मेधावी छात्रा कु. अक्षरा घोड़ेस्वार ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा की प्रावीण्य सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

अक्षरा की इस ऐतिहासिक सफलता पर युवा समाजसेवी प्रशांत मेश्राम ने उनके घर पहुंचकर उन्हें लैपटॉप भेंट किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही कि यह सराहनीय पहल उनकी पुत्री काव्या के जन्मदिन के अवसर पर की गई, जिससे यह आयोजन एक सामाजिक संदेश देने वाले उत्सव में बदल गया।

प्रशांत मेश्राम ने कहा कि आज के डिजिटल युग में शिक्षा के लिए तकनीकी संसाधन बेहद जरूरी हैं। लैपटॉप जैसे साधन विद्यार्थियों को नई दिशा देते हैं और उन्हें आधुनिक ज्ञान से जोड़ते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अक्षरा की आगे की पढ़ाई के लिए हर माह 2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

अक्षरा की सफलता पर उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद यह उपलब्धि हासिल करना यह दर्शाता है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने अक्षरा की माता रमा बाई घोड़ेस्वार के संघर्ष को भी नमन करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन हालात में भी अपनी बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी, जो समाज के लिए प्रेरणा है।

इस अवसर पर प्रशांत मेश्राम के साथ उनका पूरा परिवार और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने अक्षरा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समाज के लिए संदेश-

यह पहल केवल एक छात्रा का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक जागरूकता का संदेश है। यदि हर सक्षम व्यक्ति एक बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाए, तो देश का भविष्य और भी उज्ज्वल हो सकता है। अक्षरा की सफलता यह सिखाती है कि हालात चाहे जैसे भी हों, अगर हौसले बुलंद हों तो मंजिल जरूर मिलती है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments