Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedबालाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 9...

बालाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार

मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने, बालाघाट

जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल 23.140 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रामपायली पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई में एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से 21 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में एक आरोपी बालाघाट तथा दो आरोपी उड़ीसा राज्य के निवासी पाए गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 135/26 के तहत धारा 8/20, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (SIT) द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिससे एक बड़े अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि यह गिरोह संगठित तरीके से विभिन्न राज्यों में गांजा सप्लाई की श्रृंखला संचालित कर रहा था।

SIT टीम ने मध्यप्रदेश सहित उड़ीसा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात में दबिश देकर लगभग 25 हजार किलोमीटर की दूरी तय की और साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर क्रमबद्ध कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी मुन्ना बरेवा (54), निवासी भटेरा रोड, बालाघाट
मृकेन्द्र उर्फ मुकेश देव (28), जिला गंजाम, उड़ीसा
दिलीप सुना (32), जिला बौद्ध, उड़ीसा
राज उर्फ आशुतोष भारती (38), ग्राम सेवटा, बालाघाट
विजय नायक उर्फ बिजया नाईक (30), जिला बौद्ध, उड़ीसा
कैलाश चंद्र खमारी (38), जिला बौद्ध, उड़ीसा
बुल्ला उर्फ बिलु उर्फ वीरभद्र समंतारा (25), जिला गंजाम, उड़ीसा
जग्गा उर्फ जगदीश बारुआ (38), जिला गंजाम, उड़ीसा
तेजेशंकर पाटीदार (37), जिला उदयपुर, राजस्थान

जब्त सामग्री
23.140 किलोग्राम गांजा
एक होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल
एक टाटा 407 वाहन
10 मोबाइल फोन

पुलिस द्वारा आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन का पता लगाया जा सके। संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए जाने पर अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना रामपायली, थाना कटंगी, साइबर सेल बालाघाट एवं विशेष जांच दल (SIT) के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निरीक्षक दिलीप मौर्य और निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह कुशराम सहित पूरी टीम की सराहना की जा रही है।

बालाघाट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments