Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबस्ती–डुमरियागंज मार्ग पर सड़क हादसा: निर्माण कार्य में लापरवाही, बिना बैरिकेटिंग पलटी...

बस्ती–डुमरियागंज मार्ग पर सड़क हादसा: निर्माण कार्य में लापरवाही, बिना बैरिकेटिंग पलटी चलती ट्रक

मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। बस्ती–डुमरियागंज मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर सामने आई है। शुक्रवार देर रात लगभग 11 बजे एक चलती ट्रक सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच असंतुलित होकर पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक और खलासी को केवल मामूली चोटें आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर न तो किसी प्रकार की बैरिकेटिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। इसी लापरवाही के कारण रात के समय गुजर रही एक ट्रक अचानक सड़क के असमतल हिस्से पर नियंत्रण खो बैठी और पलट गई।

ट्रक चालक संजू ने बताया कि घटना रात करीब 11 बजे की है। सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन वहां किसी प्रकार की बैरिकेटिंग या संकेतक नहीं लगे थे, जिससे अचानक सामने आए अवरोध के कारण ट्रक असंतुलित होकर पलट गई। चालक और खलासी को हल्की चोटें आईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित सड़क विभाग और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेटिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

अगर समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments