


मूकनायक समाचार/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
लांजी, रामपायली और चांगोटोला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आरोपियों पर प्रकरण दर्ज
बालाघाट। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बालाघाट पुलिस द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में लिप्त 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लांजी पुलिस को दिनांक 08 अप्रैल 2026 को गश्त के दौरान सूचना मिली कि ग्राम सोंडसर्रा घाट से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा और उसे जब्त कर थाना लांजी में खड़ा कराया। इस मामले में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसी प्रकार, थाना रामपायली पुलिस को भी 08 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सोंडसर्रा-देवगढ़ मार्ग पर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। इस प्रकरण में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा 53(1) म.प्र. गौण खनिज अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
वहीं, थाना चांगोटोला पुलिस को 09 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि मनकुंवर नदी घांघरिया घाट क्षेत्र में बिना रॉयल्टी के रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वाहन को जब्त किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली विभिन्न कंपनियों के बताए जा रहे हैं और इनके चालकों व मालिकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों में लांजी, रामपायली एवं चांगोटोला क्षेत्र के निवासी शामिल हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नदी घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि बालाघाट पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

