Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedदेशभक्ति की धुनों से गूंजा बालाघाट, पुलिस बैंड ने युवाओं में भरा...

देशभक्ति की धुनों से गूंजा बालाघाट, पुलिस बैंड ने युवाओं में भरा जोश

मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

बालाघाट। शहर में आयोजित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम में 6वीं बटालियन जबलपुर की पुलिस बैंड पार्टी ने देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। सुमधुर संगीत और अनुशासित प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों, विशेषकर युवाओं में जोश और उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान बैंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर जनसमूह भाव-विभोर नजर आया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिसने उन्हें पुलिस सेवा से जुड़कर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित कॉन्स्टेबल (बैंड) भर्ती 2026 की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में कुल 679 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक चलेगी।

भर्ती प्रक्रिया की विशेषता यह है कि इसमें किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। अभ्यर्थियों का चयन उनकी प्रतिभा के आधार पर किया जाएगा, जिसमें स्किल टेस्ट, बैंड प्लेइंग टेस्ट और इंटरव्यू शामिल हैं। इससे संगीत में दक्ष युवाओं को अपनी कला के माध्यम से सीधे पुलिस सेवा में जुड़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय, एसडीएम गोपाल सोनी, सीएसपी मयंक तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में युवाओं को अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं से भर्ती प्रक्रिया में भाग लेकर अपने भविष्य को सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में हुआ, जहां युवाओं में पुलिस सेवा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments