मूकनायक /गोपाल मेघवंशी
भीलवाड़ा/ राजस्थान
सामाजिक एकता का संदेश
रायपुर ब्लॉक के ग्राम देवरिया में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सर्व समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि दामोदर अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता प्यारेलाल खोईवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में बरजी देवी, बालू राम जाट, रूपलाल जाट, मोतीलाल सिंघानिया, पूनम नाथ सपेरा, रणदीप त्रिवेदी, ज्ञानमल खटीक, रामेश्वर लाल छिपा सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
कार्यक्रम में सरपंचों एवं स्थानीय नेतृत्व की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिनमें खाखरमाला के मांगीलाल गुर्जर, नाहरी के रघुवीर सिंह चुंडावत, मोखुंदा के मदनलाल रेगर, गलवा के सुरेश सालवी तथा पूर्व सरपंच गोपाल सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने अपने संबोधन में बाबा साहब अंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंबेडकर साहब ने समाज के सभी वर्गों को समान दृष्टि से देखते हुए देश को एक मजबूत संविधान दिया।
अध्यक्षता कर रहे प्यारेलाल खोईवाल ने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं। वहीं एडवोकेट पूनम नाथ सपेरा ने ग्राम देवरिया की सराहना करते हुए कहा कि सर्व समाज द्वारा मिलकर प्रतिमा का अनावरण करना सामाजिक एकता का प्रतीक है और पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए जातिगत भेदभाव मिटाकर समाज में भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा।

