Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबस्ती: भीषण सड़क हादसे में महिला की मौत, सिर से उठा मां...

बस्ती: भीषण सड़क हादसे में महिला की मौत, सिर से उठा मां का साया, चार बच्चे हुए बेसहारा

मूकनायक/इंद्रसेन गौतम बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती (सोनहा)। जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर पचमोहनी चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, गौर थाना क्षेत्र के ग्राम मसही निवासी आमिर पुत्र अब्दुल कयूम, अपनी मां मेहरून्निसा और चाची सैदुननिशा के साथ वाल्टरगंज के सिसवारी गांव में अपनी रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहे थे।

सोमवार दोपहर करीब 3:00 बजे जैसे ही उनकी बाइक पचमोहनी चौराहे के पास पहुंची, सोनहा की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 40 वर्षीया सैदुननिशा (पत्नी स्वर्गीय आश मोहम्मद उमर) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं बाइक चला रहे आमिर और उनकी मां मेहरून्निसा को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

इस दुर्घटना ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।

बताया जा रहा है कि मृतका सैदुननिशा के पति की मृत्यु करीब पांच साल पहले ही हो चुकी थी। अब मां की मौत के बाद उनके चार बच्चे—रजिया (18), साजिद (16), माजिद (14) और साजिदा (10)—पूरी तरह से बेसहारा हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही सोनहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

चेतावनी: सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।

आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की सुरक्षा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments