न्यूज़ छत्तीसगढ़
कवर्धा में सम्राट अशोक जयंती धूमधाम से मनाई गई, मूलनिवासी राज स्थापना का लिया संकल्प
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
कवर्धा (छत्तीसगढ़)।
मूलनिवासी संघ जिला कवर्धा द्वारा बोड़ला ब्लॉक में सम्राट अशोक की जयंती बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस. आर. पैगम्बर जी रहे, जबकि विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष जॉस थॉमस उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. जी. अजित ने की तथा मंच संचालन भी उन्होंने ही किया। इस अवसर पर बंजारे, कोमल, संतोष साहू सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एस. आर. पैगम्बर ने अपने संबोधन में सम्राट अशोक के गौरवशाली शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि वह एक ऐसा मूलनिवासी शासन था जिसमें जनता सुखी, संपन्न और खुशहाल जीवन व्यतीत करती थी। उन्होंने वर्तमान व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि आज की नीतियों में आम जनता का शोषण बढ़ा है। उन्होंने आह्वान किया कि मूलनिवासी समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा और सम्राट अशोक जैसे न्यायपूर्ण शासन की स्थापना करनी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत पटेल ने अपने उद्बोधन में मूलनिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए समाज को संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकारें मूलनिवासी समाज को उनके अधिकार देने में इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने 2 दिसंबर 2022 को छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित 27% ओबीसी आरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अब तक लंबित है, जो सामाजिक न्याय के साथ अन्याय है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जंगलों से आदिवासी समाज को विस्थापित किया जा रहा है और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर उन्हें निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के विरुद्ध हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल एकजुट संघर्ष से ही संभव है।
जॉस थॉमस ने धार्मिक स्वतंत्रता संशोधन विधेयक पर भी अपनी बात रखते हुए इसे संविधान के विरुद्ध बताया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला अध्यक्ष डॉ. जी. अजित ने किया।
अंत में सभी उपस्थित जनों ने एकजुट होकर समता, न्याय और बंधुत्व पर आधारित समाज की स्थापना का संकल्प लिया।



