मूकनायक/बालाघाट
एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, 40 हजार रुपये का मादक पदार्थ जब्त, पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
बालाघाट। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए एक युवक को 2.1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों, इतवारी क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस द्वारा विशेष गश्त की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम धापेवाड़ा रोड की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग का बैग लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
संदेह के आधार पर बैग की तलाशी लेने पर उसमें 2.1 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया, जहां उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 84/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी तेजराम बर्मा, पिता मोहर सिंह बर्मा, निवासी घाट परासिया, थाना कुंडाली, जिला छिंदवाड़ा।
जप्त सामग्री 2.1 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹40,000)
काले रंग का पिट्ठू बैग पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में नशा विरोधी अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की लत में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाएगी।

